नई दिल्ली : एक निजी आश्रम विद्यालय के 109 छात्रों को बुधवार को भोजन विषाक्तता के लक्षण दिखने के बाद ठाणे जिले के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इनमें 63 लड़कियां शामिल हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। आश्रम विद्यालय मुंबई के बाहरी इलाके शाहपुर तालुका के भटसाई में स्थित है। शाहपुर की तहसीलदार कोमल ठाकुर ने बताया कि चार छात्रों को छोड़कर सभी को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि सुबह छात्रों को मिठाई सहित बाहर से लाया गया भोजन परोसा गया। उन्होंने बताया कि भोजन करने के बाद 109 छात्रों (63 लड़कियों और 46 लड़कों) ने उल्टी, जी मिचलाने और चक्कर आने की शिकायत की और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
ठाकुर ने कहा कि बच्चों को परोसे गए खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए और प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस घटना की जांच कर रही है। फूड पॉइजनिंग एक प्रकार की खाद्य जनित बीमारी है। जो लोगों को कुछ खाने या पीने से होती है। इसका कारण भोजन या पेय पदार्थ में मौजूद कीटाणु या अन्य हानिकारक चीज़ें है। खाद्य विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) के लक्षणों में अक्सर पेट खराब होना, दस्त और उल्टी शामिल हैं।