लुधियाना : प्राइवेट यूनिवर्सिटी में देर रात विदेशी स्टूडेंट की मौत हो गई है। यह स्टूडेंट फिरोजपुर रोड पर स्थित प्राइवेट निजी यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट था। साथियों के मुताबिक वह उन्हें कमरे में मरा हुआ पड़ा मिला। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक स्टूडेंट को उल्टियां हुई थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मरने वाले स्टूडेंट की पहचान साउथ सूडान के मोरडे मेडी योकोबो के रूप में हुई है। वह एक साल पहले लुधियाना आया था। अभी वह सुंदर नगर में नरेंद्र बंसल के घर पर किराए पर रहता था। रात पौने 2 बजे उसका शव उसके साथियों ने सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

साथी बोले- MBD माल के पास कर रहा था उल्टियां, कमरे में बिगड़ी हालत
सिविल अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार योकोबा MBD माल के पास उल्टियां कर रहा था। इस दौरान उसकी मौत हुई है। मामला संदिग्ध है, लेकिन योकोबो के साथियों का कहना है कि देर रात जब वह उसके कमरे में गए तो वह बेड पर पड़ा हुआ था। उसकी बिगड़ी हालत देख उसे निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल जब उसे लेकर आए तो डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
योकोबो के परिवार को किया गया सूचित
योकोबो के परिवार को उसके साथियों ने सूचित कर दिया है। साथियों का कहना है कि वह उसका पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे। उसके शव को साउथ सूडान भेजा जाएगा। उधर, सिविल अस्पताल प्रशासन द्वारा थाना सराभा नगर को सूचना दे दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।