भोपालः रातीबड़ में एमपी शूटिंग अकादमी के छात्र ने सुसाइड कर लिया। छात्र को सीनियर्स चोरी का आरोप लगाकर प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस जांच में बात साफ होने के बाद एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी छात्र दिव्यांश ठाकुर मृतक यथार्थ रघुवंशी (17) का सीनियर है।
यथार्थ के पिता अरुण रघुवंशी, मां और बहन सहित आधा दर्जन लोगों के बयानों पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 1 दिसंबर को बेटे से दोपहर 2 बजे बात हुई। उसने कहा था कि, रोज मरने के ख्याल दिमाग में आ रहे हैं। सीनियर रोज चोरी का इल्जाम लगाकर टॉर्चर कर रहे हैं। एफआईआर दर्ज कराने की धमकी भी दी जा रही है।
थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि दिव्यांश बालिग और अकादमी में मृतक छात्र का सीनियर है। आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। केस की जांच कर रहे हैं।
