कपूरथला: शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कपूरथला पुलिस ने रविवार को बड़े पैमाने पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौकों और व्यस्त इलाकों में नाके लगाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य मकसद आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और संदिग्ध वाहनों की पहचान करना है। चेकिंग के दौरान वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट और ड्राइविंग लाइसेंस की बारीकी से जांच की गई। जिन चालकों के पास वैध कागजात नहीं पाए गए, उन्हें मौके पर चेतावनी दी गई, जबकि गंभीर मामलों में जुर्माना भी लगाया गया।
DigiLocker पर भी रख सकते है दस्तावेज
अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक डिजिटल युग में अब फर्जी दस्तावेज या गलत नंबर प्लेट के साथ वाहन चलाना आसान नहीं रह गया है। ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जाता है, क्योंकि कई बार इन्हीं वाहनों का इस्तेमाल आपराधिक वारदातों में किया जाता है। पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि अब वाहन के कागजात को फिजिकल रूप में साथ रखना जरूरी नहीं है। यदि दस्तावेज DigiLocker जैसे मान्यता प्राप्त डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित हैं, तो उन्हें भी वैध माना जाएगा।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
अंत में पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके और शहर में शांति व सुरक्षा बनी रहे।