नई दिल्ली – टाटा से पटना को चलने वाली वंदे भारत ट्रायल ट्रेन पर मंगलवार को गया में पत्थरबाजी हुई है। पत्थरबाजी के चलते ट्रेन के एक कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। पत्थर इंजन से सटे दूसरे कोच के सीट नंबर 4 की खिड़की पर लगा, जिससे खिड़की का कांच टूट गया। गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं लगी।
घटना धनबाद रेल मंडल के बंधुआ और टनकुप्पा स्टेशन के बीच हुई है। रेलवे के एक अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है। रेलवे अधिकारी ने बताया कि टाटा से चलकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन होते हुए वंदे भारत ट्रेन गया की तरफ आ रही थी।
इसी बीच बंधुआ और टनकुप्पा स्टेशन के बीच किमी संख्या 455 के समीप कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। पत्थरबाजी की घटना में इंजन से सटे दूसरे कोच की सीट संख्या 4 की खिड़की का शीशा टूट गया।
