नई दिल्लीः घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को निवेशकों को उस वक्त झटका लगा, जब शानदार शुरुआत के बाद सेंसेक्स और निफ्टी ने अचानक यू-टर्न ले लिया। शेयर बाजार में आज यानी 13 जनवरी को गिरावट है। सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा गिरकर 83,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 50 अंक की गिरावट है। ये 25,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट और 5 में तेजी है।
ऑटो और IT शेयर में बिकवाली देखने को मिल रही है। निफ्टी के मीडिया सेक्टर में 1.12% की तेजी है। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 278.73 अंक की तेजी के साथ 84,156.90 के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 83.70 अंक चढ़कर 25,873.95 पर ट्रेड करता दिखा। लेकिन 9:30 बजे के आसपास बाजार ने अचानक दिशा बदली। सेंसेक्स करीब 100 अंक टूटकर 83,777.90 पर आ गया, जबकि निफ्टी 40.70 अंक गिरकर 25,750.95 के स्तर पर फिसल गया।
विश्लेषकों के मुताबिक, ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली और चुनिंदा बड़े शेयरों में बिकवाली की वजह से बाजार में यह कमजोरी आई। शुरुआती तेजी में ओएनजीसी, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, हिंडाल्को और एचसीएल टेक निफ्टी के बड़े गेनर्स रहे। इन शेयरों में खरीदारी ने आईटी और बैंकिंग सेक्टर को सहारा दिया। हालांकि, एल एंड टी, मैक्स हेल्थकेयर, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन और सिप्ला जैसे दिग्गज शेयरों में दबाव देखा गया, जिससे बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।