नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में ट्रक और ट्रैक्टर में हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई है. ये दर्दनाक हादसा भदोही के महाराजगंज और मिर्जापुर के कटका बॉर्डर पर हुआ है। जानकारी के अनुसार पीछे से ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार दस मजदूरों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मौके पर मौजूद लोग घायलों को तुरंत अस्पताल ले गए। घायलों का वाराणसी ट्रामा सेंटर रेडार में इलाज चल रहा है। एसपी ने बताया कि ‘ट्रैक्टर-ट्रॉली में 13 मजदूर थे जो भदोही जिले में निर्माण कार्य करके लौट रहे थे।
तभी उनके वाहन को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया। सूचना मिलते ही एसपी और अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना कछवा थाना क्षेत्र के कछवा मिर्जामुराद जीटी रोड पर रात करीब 1 बजे के आस पास की है। बताया जा रहा है कि एक ट्रैक्टर पर 13 लोग सवार होकर जनपद भदोही से वाराणसी की तरफ जा रहे थे। थाना कछवा क्षेत्र के कछवा मिर्जामुराद जीटी रोड पर पीछे से एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर सवार 13 लोगों में से 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान भानू प्रताप (25), विकास कुमार (20), अनिल कुमार (35), सूरज कुमार (22), सनोहर (25), राकेश कुमार (25), प्रेम कुमार (40), राहुल कुमार उर्फ टिल्लू (26), नितिन कुमार (22), रोशन कुमार (17) के रूप में हुई है। जबकि आकाश कुमार, जमुनी और अजय सरोज हादसे में घायल हुए हैं. ये सभी वाराणसी जिले के निवासी थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का टायर निकलकर दूर नाले में जा गिरा।
सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य करते हुए घायलों को इजाल के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भिजवाया। ट्रैक्टर सवार सभी लोग मजदूर थे जो जनपद भदोही से छत ढलाई का काम कर के अपने घर मिर्जामुराद वाराणसी जा रहे थे। एसपी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर उन्हें शवगृह भेजा है और घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।