बरेलीः जिले में किसी ने सोचा नहीं था कि खुद एसपी साहब ग्राहक बनकर हुक्का पीने के लिए जाएंगे और फिर उसी को सील कर देंगे। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कैफे (काफी, चाय, नाश्ता मिलने का स्थान) के नाम पर हुक्काबार चलाकर नशा परोसा जा रहा था। ग्राउंड फ्लोर पर कैफे और बेसमेंट में हुक्काबार में युवाओं को नशे का आदि बनाया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी शुरू की तो पांच ऐसे कैफे पकड़ में आए जहां अवैध रूप से हुक्काबार संचालित हो रहा था। वहां पर युवा हुक्का के साथ शराब आदि नशीली चीजों का भी सेवन कर रहे थे। पुलिस ने सभी कैफे संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। देर रात तक उनके सीलिंग की कार्रवाई भी होती रही। सभी के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत करने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कैफे रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से हुक्काबार चलना कोई नया नहीं। यहां लंबे समय से यह धंधा तेजी से पनप रहा है। फ्लेवर्ड हुक्का की आड़ में संचालक नशे का सौदा करते हैं। ग्राहकों को पहले हुक्का दिया जाता है और बाद में उन्हीं की टेबल पर शराब के पैग भी आने लगते हैं। इसके लिए सभी कैफे संचालकों ने बेसमेंट में अलग ‘दुनिया’ बनाई हुई है। बेसमेंट में बने छोटे-छोटे पार्टीशियन में बालिग नाबालिग लड़के लड़कियों को हुक्का गुड़गुड़ाने का मौका दिया जाता है। तेज म्यूजिक और अय्याशी के यह अड्डे इसी दम पर फल फूल रहे हैं। लगातार शिकायतों के बाद एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव व प्रेमनगर इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने छापेमारी शुरू की तो 4 ऐसे कैफे पकड़ में आए, जहां पर अवैध रूप से हुक्काबार चल रहा था।
पुलिस ने सभी पांच कैफे संचालकों और उनके स्टाफ को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिये गए कुल 13 लोगों में से 10 पुरुष व 3 महिलाएं शामिल हैं। प्रेमनगर थाने में सभी से पूछताछ की जा रही है। शाम को जैसे ही पुलिस छापेमारी को पहुंची तो कैफे में भगदड़ मच गई। वहां बैठे लड़के-लड़कियों में भगदड़ मच गई। सभी वहां से भागने लगे। कोई एंट्री वाले गेट से भागा तो कोई एग्जिट वाले गेट से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने किसी भी ग्राहक को नहीं पकड़ा। सिर्फ उन्हीं लोगों को पकड़ा जो कैफे के संचालक थे। प्रेमनगर में काफी बार और रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार संचालित होते हैं। स्थिति यह हो चुकी थी कि रेस्टोरेंट और कैफे संचालकों ने हुक्का की डिलीवरी भी करना शुरू कर दिया। वह ग्राहक के बताए हुए स्थान पर हुक्का पहुंचाते हैं।
