जीरकपुरः जीरकपुर के प्रभात इलाके में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में एक शॉर्ट सर्किट की घटना से हड़कंप मच गया। अचानक बैंक के भीतर से धुआं उठता दिखाई दिया और सायरन बजने लगा। स्थानीय लोगों ने जैसे ही बैंक से धुआं निकलते देखा, तुरंत मामले की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
बैंक के अंदर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे स्मोक अलार्म (सायरन) एक्टिवेट हो गया। कुछ ही देर में पूरा बैंक परिसर धुएं से भर गया, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर बैंक के कुछ कर्मचारी भी पहुंच गए और स्थिति को संभालने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत पहुंचकर आग को फैलने से रोका।
सौभाग्य से इस घटना में कोई बड़ा नुकसान या हानि नहीं हुई। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है। लोगों ने मांग की कि बैंक और अन्य संस्थानों में फायर सेफ्टी सिस्टम की नियमित जांच होनी चाहिए।
