प्रतापगढ़: थाना क्षेत्र कुंडा के फरेंदुपुर मोहल्ले में शोले फिल्म के स्टाइल में 16 वर्षीय युवती द्वारा हंगामा किया गया। दरअसल, प्रेमी से मिलने की जिद को लेकर प्रेमिका 70 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस दौरान युवती के हाईवोल्टेज ड्रामा किया। युवती के हंगामे की खबर जैसे ही फैली आसपास भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पहुंची। ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही। करीब दो घंटे बाद प्रेमी को मौके पर बुलाया गया।
प्रेमी के पहुंचने पर उसने कहा- “शादी करब, नीचे उतरि आवा”, जिसके बाद किशोरी टावर से नीचे उतर आई। नीचे आने के बाद पुलिस ने किशोरी और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। करीब 2 घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम चलता रहा। पुलिस के मुताबिक, घटना स्थल पर थाना प्रभारी कुंडा मनोज पांडेय, फायर ब्रिगेड प्रभारी सौरभ सक्सेना, तहसीलदार अलख शुक्ला सहित अनेक लोग पहुंचे। युवती को काफी समझाया, लेकिन वह नीचे नहीं उतरी। वह चिल्लाने लगी- “मेरे बॉयफ्रेंड को बुलाओ, तभी नीचे उतरूंगी, नहीं तो जान दे दूंगी।
उसके बिना मैं नहीं जी सकती हूं।” करीब 2 घंटे बाद युवती का 17 वर्षीय प्रेमी मौके पर आया, तब जाकर युवती नीचे उतरी। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले जानकारी मिलते ही मौके पर युवती की मां और भाई भी पहुंच गए थे, लेकिन फिर भी वह नहीं मानी। प्रेमी जब मौके पर आया तो नीचे से आवाज लगाकर कहा कि नीचे उतर आओ मैं तुमसे शादी कर लूंगा। तब जाकर वह नीचे उतरी।
लड़की के भाई ने बताया कि उसका प्रेमी उसी गांव का रहने वाला है। दोनों अक्सर मिलते थे, लेकिन उनके प्रेम संबंध की जानकारी परिवार को नहीं थी। किशोरी कक्षा 9 की छात्रा है। प्रेमी का कहना है कि वह और किशोरी एक-दूसरे से लंबे समय से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं, लेकिन परिजन उनके रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। इसी वजह से किशोरी नाराज होकर टावर पर चढ़ गई। वहीं सीओ अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते किशोरी टावर पर चढ़ी थी, जिसे सकुशल नीचे उतार लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें समझाया-बुझाया जा रहा है और परिजनों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।