आगराः ताजनगरी आगरा में एक बाइक में सवार दो लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों करीब 10 फीट ऊपर उछल कर दूर जा गिरे। वैगनआर कार भी बाइक को घसीटते हुए खेत में घुस जाती है। हादसे के बाद कुछ लोग दौड़ते हुए दिखते हैं, जो घायलों को संभालते हैं। ये हादसा मंसुखपुरा इलाके में गांव पलोखरा में राजा खेड़ा-पिनाहट मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास होता है। यहां 2 युवक बाइक से आते दिखते हैं। अचानक वह बाइक रोककर यूटर्न करने लगते हैं।
इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार लाल रंग की वैगनआर कार आती है। कार करीब 100KMPH से ज्यादा की रफ्तार पर थी। कार बाइक में तेज टक्कर मारती है। दोनों बाइक सवार युवक करीब 10 फीट हवा में उछलते हुए खेत के पास बने गड्ढे में जाकर गिरते हैं। बाइक कार के साथ घिसटती हुई चली जाती है। कार भी अनियंत्रित होकर खेत के साथ बने गड्ढे में चली जाती है। टक्कर लगाते ही आस-पास के लोग पहुंच जाते हैं। इस हादसे में बाइक सवार लोगों को काफी चोट आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों ने बताया कि वो अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। हादसे पेट्रोल पंप पर लगे CCTV में कैद हो गया है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। SO मंसुखपुरा ने बताया कि दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों को थाने लाया गया था। इनके बीच में समझौता हो गया है। घायलों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।