अमृतसरः आज शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य कार्यालय में एक विशेष आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला, जहां सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने दैनिक कार्यों को शुरू करने से पहले सामूहिक रूप से मूल मंत्र और गुरुमंत्र का जाप किया। जाप के बाद, अकाल पुरख के चरणों में अरदास की गई, जिसमें उनसे प्रार्थना की गई कि वे सभी को ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवा निभाने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह ढंगरा ने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान ने आदेश जारी किए हैं कि सभी कर्मचारी अपना काम शुरू करने से पहले गुरुमंत्र और मूलमंत्री का जाप करें। इसी आदेशों का सभी कर्मचारियों द्वारा पूरी श्रद्धा के साथ पालन किया जा रहा है। श्री दरबार साहिब के सभी सेवकों और कर्मचारियों ने उसी दिन से इस प्रथा को अपना लिया है और अब हर दिन काम शुरू करने से पहले, वे ईश्वर की शरण लेते हैं।
ढंगरा ने सिख सिद्धांतों के महत्व पर जोर दिया और कहा कि साहिब श्री गुरु नानक देव जी की मूल शिक्षाएं—’नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ (नाम जपो, मेहनत करो, बांटकर खाओ)—हमारे जीवन का आधार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां शिरोमणि कमेटी के कर्मचारी इस प्रथा का पालन कर रहे हैं, वहीं हर सिख का यह कर्तव्य है कि वह अपना काम शुरू करने से पहले गुरबानी का जाप करे। इसके साथ ही, उन्होंने ‘दशवंध’ (अपनी कमाई का दसवां हिस्सा दान करना) के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि महीने के अंत में वेतन के रूप में हमें जो भी पैसा मिलता है, उसमें से हमें गुरु की गोलक (दान पेटी) के लिए दशवंध अवश्य निकालना चाहिए, ताकि इसका उपयोग नेक कार्यों के लिए किया जा सके। अंत में, उन्होंने प्रधान के आदेशों को खुले दिल से स्वीकार करने के लिए सभी कर्मचारियों का धन्यवाद किया और अपने भाषण का समापन ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के साथ किया।
