जालंधर, ENS: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। कल और आज दो दिन लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई। वहीं आज सुबह से तेज हवाओं, घने बादलों और रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आज सुबह शहर में कुछ पल के लिए ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के साथ ओलावृष्टि जालंधर, होशियारपुर सहित अन्य जिलों में देखने को मिली है। इसी के साथ मार्च माह में सर्दी का अहसास लौट आया। विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे अगले कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 17 और 18 मार्च को मौसम मुख्यत: शुष्क रह सकता है। इसके बाद नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 19 और 20 मार्च को पंजाब के ज्यादातर जिलों में कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश हो सकती है। इन दिनों के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। 21 मार्च को भी कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना है। वहीं ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
तेज हवाओं के चलते कई गांवों में खेतों में गेहूं की खड़ी फसल बिछ गई जिससे पैदावार पर विपरीत असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं किसानों ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के कारण गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। इससे पैदावार पर काफी असर पड़ सकता है। उधर, कृषि विभाग ने किसानों को फिलहाल फसलों में सिंचाई न करने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए खेतों में पानी लगाने से नुकसान बढ़ सकता है।