ऊना, 15 फरवरी : जिला ऊना नगर परिषद मैहतपुर की गीता कॉलोनी में एक घर से सोने के आभूषण सहित 50 हजार की नगदी चोरी की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है। मामले को लेकर महिला मधू खन्ना ने पुलिस को शिकायत पत्र देते हुए घर में रखे टेलर के खिलाफ चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मधु खन्ना निवासी वार्ड नंबर दो गीता कॉलोनी मैहतपुर ने बताया कि वह अपने घर में सिलाई का काम करती है। लेडीज सूट सिलाई के लिए यूपी निवासी सरोज खान को बतौर टेलर रखा हुआ है। बीते कल अपने बच्चों को स्कूल से छुट्टी उपरांत लेने के लिए शिवालिक कॉलोनी गई थी। जब वह वापिस अपने घर पहुंचीं, तो नौकर सरोज खान घर पर नहीं था। सरोज खान को जब फोन किया तो उसने मैहतपुर बाजार होने की बात करते हुए थोड़ी देर बाद घर लौटने की बात की। काफी देर बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो उसे पुनः फोन किया गया तो उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था ।
महिला ने शिकायत पत्र में बताया कि शक होने पर अपने घर में रखी अलमारी को चैक किया, तो 50 हजार रुपए नकद और दो लाख रुपयों के आभूषण गायब पाए गए। महिला व उसके पति ने सरोज खान की काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। मधु खन्ना का आरोप है कि सरोज खान ने ही घर में रखी नगदी व आभूषण चुराए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण धीमान ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर टेलर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
