मोहालीः जीरकपुर स्थित एरोसिटी के एच ब्लॉक में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एयरपोर्ट रोड पर गुटका साहिब की बेअदबी हुई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार एरोसिटी में सड़क के बीच बनी एक समाध के पास गुटका साहिब के अंग पड़े मिले। देर शाम सैर के लिए निकले गांव के कुछ लोगों की नजर इन पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएचओ जीरकपुर सतिंदर सिंह और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और सिख संगत भी मौके पर जुटने लगी। लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गंभीर हरकत बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। आरोपी को पकडऩे के लिए टीम काम कर रही है।
