ऊना सुशील पंडित : जिला मुख्यालय के साथ सटे गांव लोअर कोटला कलां में स्कूटी सवार लुटेरों ने महिला की सोने की बालियां झपट लीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्पा देवी(70) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार देर शाम करीब सात बजे वह बाबा बाला जी महाराज के आश्रम से पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में स्कूटी सवार दो युवकों ने उसके कानों से बालियां छीन ली और टक्का रोड की ओर भाग निकले। महिला के अनुसार स्कूटी चला रहे युवक ने सिर पर पगड़ीनुमा साफा बांध रखा था।
शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस द्वारा महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।