दौसाः जिले में एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है जहां, सड़क पार कर रही एक मासूम बच्ची को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। हादसे में बच्ची गंभीर घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी देते पुलिस ने बताया कि 4 साल की अर्पिता योगी दांतली गांव की ही महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ती है। बीती शाम अन्य बच्चों के साथ स्कूल से घर लौटते वक्त वह दुकानों के बाहर बनी टंकी पर पानी पीने लगी। बाद में वह सड़क पार कर दूसरी साइड जाने लगी तो पीछे से आ रही तेज स्पीड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वहां मौजूद लोगों ने दौड़कर बच्ची को संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
इस दौरान घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है, वहीं उसके पैर समेत कई अन्य फैक्चर आए हैं, जिसका एसएमएस में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर भी अस्पताल पहुंच गया। लोगों ने दौसा-कुंडल रोड पर ओवरलोड व तेज स्पीड़ वाहनों के संचालन पर रोष जताया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
