पंचकूलाः जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक स्कूली छात्र पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में छात्र के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामला पंचकूला जिले के पिंजौर का बताया जा रहा है, जहां पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छठी कक्षा के छात्र शहादत को गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल पहुंचते समय आवारा कुत्ते ने काट लिया।
हमले में छात्र के चेहरे पर गहरे घाव आए, जिसके बाद उसे तुरंत पिंजौर के अर्बन पॉलीक्लिनिक सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सेक्टर-6 पंचकूला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से आगे इलाज के लिए, जहां से पीजीआई भेजा गया।
माता-पिता करते हैं मजदूरी
मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-6 अस्पताल में इलाज के बाद उसे PGI भेजा गया है, हालत अभी गंभीर है। बताया जा रहा है कि घायल छात्र के माता-पिता मजदूरी करते हैं और हाल ही में पिंजौर की विश्वकर्मा कॉलोनी में किराये के मकान में रहने आए थे।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है और उन्होंने प्रशासन से इलाके में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की है। वहीं, स्कूल के वाइस प्रिंसिपल यशपाल राणा ने बताया कि छात्र के इलाज का पूरा खर्च स्कूल प्रबंधन समिति उठाएगी।
