उरईः अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम जगदेव नगरिया में हैरानजनक मामला सामने आया है। जहां न्यू ईयर विश ना करने पर पत्नी से विवाद के बाद नदीगांव थाने में तैनात सिपाही ने जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर सिपाही को नदीगांव सीएचसी ले जाया गया। जिसके बाद डॉक्टरों द्वारा उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां अब पुलिस कर्मी की हालत खतरे से बाहर है और उसे छुट्टी पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम जगदेव नगरिया निवासी 30 वर्षीय ब्रह्मजीत 2020 बैच का सिपाही है और वह नदीगांव थाने में तैनात है। परिजनों ने बताया कि नये साल पर उसकी पत्नी द्वारा बधाई ना दिए जाने को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद शुक्रवार रात वह घर से निकला और नदीगांव के जंगल में जाकर जहरीली वस्तु खा ली। जिसके बाद उसने पत्नी अंजना को फोन कर बताया कि जहर खा लिया है और फिर मोबाइल स्विच आफ कर लिया।
पत्नी ने तुरंत थाना प्रभारी शशिकांत चौहान को इसकी जानकारी दी। उसके आखिरी बार फोन करने वाली जगह की लोकेशन निकाली गई तो वह जंगल में बेसुध हालत में मिला। पुलिस कर्मी तुरंत उसे नदीगांव सीएचसी ले गए। यहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत में अब सुधार है। सिपाही ने बताया कि पत्नी से कहासुनी पर वह डिप्रेशन में था। इसलिए उसने जहर खा लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि सिपाही की हालत ठीक है और उसे छुट्टी दे दी गई है। सिपाही की काउंसिलिंग भी की गई है।
