कुटलैहड़ के स्कूलों की मुरम्मत के लिए आए 10 लाख रुपए
ऊना/ सुशील पंडित : कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र भुट्टो ने बुधवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि कुटलैहड़ में जरजर हालत में पहुंच चुके स्कूलों की मरम्मत के लिए 10 लाख 70 हजार रुपए मंजूर हो गए हैं। इस राशि से दर्जनों स्कूलों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा जिससे छात्रों और अध्यापकों को आने वाली मुसीबतों से पार पाया जा सकेगा। भुट्टो ने आगे कहा है कि कुटलैहड़ की दर्जनों पंचायतों में सड़कों की हालत में सुधार के लिए 70 लाख रुपए भी मंजूर हो चुके हैं। इस पैसे से उन पंचायतों की सड़कों की मुरम्मत पूरी की जाएगी। भुट्टो ने कहा कि मुझे मीडिया में सुर्खियां बटोरने की बिलकुल कोई दिलचस्पी नहीं है। मेरा काम जनता बोलती है। एक विधायक के तौर पर मेरा यही प्रण है कि मैं अपने पांच साल के कार्यकाल को कुटलैहड़ का स्वर्णिम काल बनाकर ही अगले चुनाव में जाऊं। वहीं कुटलैहड़ के कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा और महासचिव प्रवीण पादा ने कहा कि देवेंद्र भुट्टो के आने से कुटलैहड़ में बंद पड़ा विकास का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है। देवेंद्र भुट्टो जो कहते हैं उसे कर के ही दिखाते हैं। पिछले दशकों से कुटलैहड़ की रुक चुकी गाड़ी अब तेज रफ्तार से दौड़ रही है और आने वाले समय में कुटलैहड़ की पूरी तस्वीर ही बदल कर रख दी जाएगी।