लुधियाना : जालंधर बायपास रोड स्थित एल्डिको के बाहर बने ICICI एटीएम में बीती रात शातिर लुटेरों ने चोरी की। लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में गैस कटर का इस्तेमाल करके एटीएम को तोड़कर करीबन 7 लाख रुपये की नकदी से भरी 4 ट्रे लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात करीबन 1:30 से 2:00 बजे के बीच हुई। लुटेरे पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनके पास आधुनिक गैस कटर और अन्य औजार थे। एटीएम के बाहर सुरक्षा के लिहाज से रात को एटीएम का शटर बंद कर दिया जाता है।
लुटेरें ने गैस कटर के साथ शटर को बड़ी सफाई से काटा और अंदर दाखिल हुए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने एटीएम मशीन को गैस कटर से काटा। उन्होंने कैश बॉक्स को निशाना बनाया और नकदी वाली 4 ट्रे निकाल ली इसमें लगभग 7 लाख रुपये होने का अनुमान है।
घटना का पता सुबह तब चला जब स्थानीय लोग और एटीएम से जुड़े लोग वहां पहुंचे। अनिल कुमार ने बताया कि हमें सुबह इस चोरी की जानकारी मिली। जब मौके पर आकर देखा तो शटर कटा हुआ था और अंदर मशीन के साथ छेड़छाड़ की गई थी।
यह एटीएम रात को बंद रहता है जिसका फायदा बदमाशों ने उठाया है। सूचना मिलते ही लुधियाना पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाने की टीम ने मौके का मुआयना किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है ताकि कोई भी सुराग न मिले।
पुलिस एटीएम और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लुटेरों की संख्या 2-3 हो सकती है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।