नई दिल्ली : तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले के नटरामपल्ली में नेशनल हाइवे पर भयानक सड़क हादसा हुआ है। ये हादसा तब हुआ, जब हाईवे पर एक तेज रफ्तार लॉरी ने एक टेम्पो ट्रैवलर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद टेम्पो सड़क किनारे बैठी महिलाओं के ऊपर चढ़ गया।
ये हादसा इतना ज्यादा दर्दनाक था कि इसकी चपेट में आए 7लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। ये हादसा आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के कुप्पम शहर से लगती सीमा के पास हुआ है। बताया गया है कि इस हादसे में 10 लोग बुरी तरह घायल हुए है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।
सड़क हादसे का शिकार हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। नटरामपल्ली में हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान एम. मीना (50), डी. देव्यानी (32), पी. सैत्तू (55), एस.देविका (50), वी.सावित्री (42), के.कालावथी (50) और आर.गीता (34) के तौर पर हुई है। ये सभी पास के इलाके के रहने वाले थे।
