पानीपत: मशहूर रैपर बादशाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दरअसल, नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर लगातार विवादों में चल रहे है। हालांकि महिला आयोग द्वारा रैपर की गिरफ्तारी को लेकर आदेश भी जारी कर दिए गए है। वहीं अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने रैपर बादशाह को जान से मारने की धमकी दे दी है। दूसरी ओर पानीपत में हुई मनी एक्सचेंज की दुकान पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी लॉरेंस गैंग ने ली है। इस दौरान बादशाह के लिए एक धमकी भरा ‘नोट’ जारी किया है। ‘वेस्टर्न यूनियन’ के दफ्तर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिम्मेदारी रंदीप मलिक और अनिल पंडित (USA) ने ली है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में गैंग ने कहा कि यह फायरिंग हवाला कारोबारियों के खिलाफ एक ‘ट्रेलर’ है। लेकिन इस पोस्ट के अंत में जो लिखा था, उसने पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अपने नोट में सीधे तौर पर बादशाह को निशाना बनाते हुए लिखा, सिंगर बादशाह, तूने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है।
2024 में तेरे क्लब में तुझे ट्रेलर दिखाया था, अगली बार सीधे तेरे माथे में गोली मारेंगे। इस धमकी के पीछे ‘टटीरी’ गाने को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। गैंग का आरोप है कि बादशाह अपने गानों के जरिए हरियाणा की इमेज और कल्चर को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। धमकी के साथ-साथ बादशाह कानूनी शिकंजे में भी बुरी तरह घिरे हुए हैं।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि बादशाह जांच में शामिल नहीं होते हैं, तो उनका पासपोर्ट जब्त कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादशाह का विरोध अब केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर यूपी में बादशाह के सभी इवेंट्स पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि गानों में अश्लीलता और स्कूल ड्रेस का गलत इस्तेमाल समाज पर बुरा असर डाल रहा है।