हिरासत में लिया संदिग्ध युवक
नई दिल्ली: 26 जनवरी से पहले अयोध्या में स्थित राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। यह धमकी 112 पर कॉल करके दी गई। इसके बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई है। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धमकी देने वाले संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया युवक उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला है। सूत्रों की मानें तो युवक की मानसिक स्थिति असंतुलित बताई जा रही है हालांकि पुलिस हर एंग्ल से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने ट्रैक किया मोबाइल नंबर
जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे डायल 112 पर कॉल करके दी गई है। पुलिस ने कॉलर के मोबाइल नंबर को ट्रैक किया है और कुछ ही समय में युवक को पकड़ लिया है। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी गई है। फिलहाल इस मामले में अयोध्या पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी युवक से गहन पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या युवक वाकई में मानसिक तौर पर अस्वस्थ है। इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां भी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
अयोध्या पुलिस ने मामले को लेकर ऑफिशियल पत्र जारी किया है। अयोध्या कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 24 जनवरी 2026 की रात में डायल 112 पर कॉल करके राम मंदिर में ब्लास्ट होने की सूचना दी गई थी। कॉल करने वाले की पहचान रामकरन पुत्र मुन्नालाल निवासी मल्हान पुरवा दुल्हापुर थाना नवाबगंज जनपद गोंडा के तौर पर हुई है। कॉलर को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।
26 जनवरी को लेकर पूरे देश में हाई अलर्ट
गौरतलब है कि 26 जनवरी को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। खासतौर पर धार्मिक स्थान, भीड़भाड़ वाले इलाके, पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस तत्काल कार्रवाई की जा रही है ताकि सुरक्षा में कोई चूक नहीं होगी फिलहाल राम मंदिर परिसर और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।