जालंधर, ENS: पंजाब में बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन के साथ-साथ लोगों की मदद के लिए पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार आगे आने लगे है। दरअसल, पंजाब के कई गांवों में अभी भी पानी भरा हुआ है। हालांकि सीएम भगवंत मान की ओर से अपना हैलिकॉप्टर भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में मदद के लिए दिया गया है। वहीं अब बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए सूफी गायक सतिंदर सरताज ने पहल करते हुए डीसी साक्षी साहनी के साथ मिलकर अजनाला में करीब 500 परिवारों को राशन बांटा गया।
ऐसे ही उन्होंने फाजिल्का में भी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राशन मुहैया करवाया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में हर किसी को इंसानियत के नाते पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों के पक्ष में चिंता व्यक्त की थी। हालांकि बीते दिन पंजाबी गायक जसबीर जस्सी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में दौरा करके लोगों की मदद की।
इस दौरान गायक जस्सी ने लोगों से अपील की है कि वह प्रशासन पर निर्भर रहने की बजाय अपनी क्षमता के अनुसार राहत कार्यों में हाथ बंटाएं। मिली जानकारी के अनुसार कल बॉलीवुड फिल्म निर्माता राज कुंद्रा भी पंजाब का दौरा करने आ रहे है। इस दौरान वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में हिस्सा लेंगे। फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री से कलाकारों का इस तरह आगे आना बाढ़ पीड़ितों के लिए हौसले की बड़ी बात मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कलाकारों की मौजूदगी और उनका सहयोग प्रभावित परिवारों को भावनात्मक संबल देने के साथ-साथ राहत पहुंचाने में भी बड़ी मदद कर रहा है।