मालेरकोटला: सरोद रोड चुंगी नजदीक स्थित देर रात 2.30 बजे दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां झुग्गी में रहते एक परिवार की महिला का तेजधार हथियार के साथ हमला करके उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के दौरान हमलावर ने परिवार के 2 ओर सदस्यों पर हमला कर गंभीर रूप में घायल कर दिया। मृतक की पहचान सुनीता उर्फ मीना के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक सुनीता 2 बच्चों की मां है। वहीं दूसरी ओर हादसे में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने उसे राजिन्द्र अस्पताल पटियाला रैफर कर दिया। लोगों से मिली जानकारी के अनुसार हत्या करने वाला राज कुमार मृतक महिला का रिश्ते में जीजा बताया जा रहा है। राज कुमार पुत्र सुक्खा का विवाह मृतक महिला की बहन के साथ हुआ था।

परंतु विवाह उपरांत उन दोनों के रिश्ते में लड़ाई-झगड़ा रहने के कारण राज कुमार ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। जिसके बाद पारिवारिक सदस्यों ने उसकी तलाकशुदा पत्नी का किसी ओर जगह विवाह कर दिया। जिस कारण राज कुमार ससुराल परिवार के साथ रंजिश रखता आ रहा था। उसी रंजिश में राज कुमार गत देर रात्रि मालेरकोटला के सरोद रोड में घटनास्थल पर पहुंचा और देर रात झुग्गी में दाखिल होकर तेजधार हथियार के साथ पारिवारिक सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में सुनीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि मृतका का पति हनी और एक अन्य पारिवारिक मैंबर रवि गंभीर रूप में घायल हो गए हैं। पुलिस ने विजय कुमार के बयानों पर राज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी।