मोगाः पंचायतों को जारी ग्रांट के फंडो में घोटाले की जांच कर रही विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने भाजपा नेता व पूर्व कांग्रेस विधायक डा. हरजोत कमल से पूछताछ की है। विजिलेंस टीम ने बीजेपी नेता हरजोत से करीब 2 घंटे तक सवाल-जवाब किए। मोगा के डीएसपी विजिलेंस ब्यूरो जसतिंदर सिंह राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच अभी जारी है और जांच से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि डाॅ. हरजोत से 2 घंटे तक पूछताछ की गई, जरूरत पड़ी तो पूर्व विधायक को दोबारा पेश होने के लिए समन भेजा जाएगा।
पूर्व विधायक हरजोत कमल को इससे पहले 30 अगस्त को समन किया गया था, लेकिन वह बाहर होने के कारण विजिलेंस के सामने पेश नहीं हो सके थे। उन्हें 4 सितंबर के लिए दोबारा बुलाया गया है। विजिलेंस सूत्रों के मुताबिक विकास कार्यों के अलावा जिम का सामान आदि की खरीद बिना कोटेशन और बिना टेंडर के की जाने की बात कही जा रही है। इस घोटाले का खुलासा 2022 में पंचायती राज संस्थाओं की तकनीकी निरीक्षण रिपोर्ट में हुआ था। विजिलेंस की प्रारंभिक जांच में विकास विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता के तथ्य भी सामने आये हैं।