अमृतसरः जिले में लूटपाट और चोरी के मामलों में दिन-ब-दिन बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। चोरों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैकि इलाके में 72 घंटे दूसरी वारदात को अंजाम दिया है। 100 फुट रोड पर 3 लुटेरों ने देर रात काम से घर लौट रहे युवक की एक्टिवा को बीच रास्ते में खड़ा किया और फिर दातर से वार करके एक्टिवा छीन ली। गौर हो कि इस जगह पर दो दिन पहले शादी से लौट रहे युवकों को घेर कर पैसे लूटे गए थे। रात के समय इलाके में रहने वाले अमनदीप किसी काम से बाहर गए थे।
रात वापस लौटते हुए जैसे ही 100 फीट रोड पर पहुंचे, एक युवक दातर लेकर एक्टिवा के सामने आ गया। वह उसे देख रुक गए। इतने में उसके दो साथी एक्टिवा में पीछे आकर खड़े हो गए। वह अभी एक लुटेरे से बात कर ही रहा था कि दूसरे लुटेरे ने पीछे से सिर पर वार किया। जिसके बाद वह एक्टिवा से उतर गए। पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया तो आरोपी उसमें दिखाई दिए। आरोपी पहले से ही सुनसान गली में एक्टिवा लगाकर किसी के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वह आगे आए, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।
उनसे एक्टिवा लूटने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अमनदीप की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों के रूट का पता चल सके। इतना ही नहीं, आरोपियों के वाहन का भी पता लगाया जा रहा है। 72 घंटे में यह दूसरा मामला है, जब एक ही इलाके में दूसरी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है।
