लुधियाना : हिट एंड रन कानून का विरोध लगातार बढ़ रहा है। इसी के चलते ट्रक ड्राइवरों द्वारा अनिश्चितकालीन समय के लिए हड़ताल एक बार फिर से शुरू करने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है इस मामले को ध्यान में रखते हुए सरकार एवं तेल कंपनियों द्वारा हालातों पर काबू पाने के लिए एहतियात के तौर पर शनिवार देर रात और रविवार को प्लांट पर काम किया गया ताकि प्रत्येक पेट्रोल पंप पर तेल की फुल सप्लाई भेजी जा सके और आम जनता को पेट्रोल व डीजल की किल्लत से जूझना ना पड़े।
इस मामले को लेकर लुधियाना पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक कुमार सचदेवा द्वारा आम को अफवाहों से बचने और पैनिक नहीं होने की अपील की गई है। उन्होंने कहा जिस व्यक्ति को तेल की जितनी जरूरत है, उतना ही तेल भरवाएं, न कि तेल की जमाखोरी करने के लिए पेट्रोल पंपों पर बेवजह की भीड़ इकट्ठी की जाए। जानकारी के मुताबिक विभिन्न ट्रांसपोर्टर एसोसिएशनों के नेताओं द्वारा ट्रक ड्राइवरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि उनकी गाड़ियां जहां हैं, वहीं पर खड़ी कर दी जाएं। माना जा रहा है कि उक्त वर्ग द्वारा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस के प्लांट्स के आगे धरना फिर से शुरू किया जा सकता है।
