खरड़ः मोहाली के खरड़ की एक निजी यूनिवर्सिटी में पंजाब पुलिस की कॉन्स्टेबल की भर्ती परीक्षा देने आए की युवक की कार से पर्स चोरी हो गया। मामले की जानकारी देते हुए अमनदीप ने बताया कि वह रोपड़ के नूरपुर बेदी से पुलिस की कॉन्स्टेबल की भर्ती परीक्षा देने आया था। इस दौरान चोरों ने पार्किंग में खड़ी उसकी कार से पर्स चोरी कर लिया। चोरों ने पर्स में रखे एटीएम से 46,600 रुपए भी उड़ा लिए हैं। पुलिस ने अब इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित ने बताया कि पहले पुलिस मामले में शिकायत लेने के लिए आनाकानी करती रही। जब वह बार-बार पुलिस स्टेशन गया तो, पुलिस ने उसकी शिकायत लेकर अब मामला दर्ज किया है। पीड़ित अमनदीप ने बताया कि यह लोग शातिर चोर थे। इन्होंने गाड़ी का कोई शीशा नहीं तोड़ा बल्कि ड्राइवर साइड की शीशे की रबड़ को हटाकर गाड़ी का लॉक खोला था। सामान चुराकर फिर से लॉक बंद कर दिया था। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल और पर्स ले जाने की अनुमति नहीं थी। इसलिए वह अपना सामान गाड़ी में ही रखकर पेपर देने गया था।
चोरों ने पर्स के साथ-साथ पीड़ित का मोबाइल फोन भी चुरा लिया था। उन्हें एटीएम कार्ड का पिन नहीं पता था, लेकिन फिर भी मोबाइल पर ओटीपी के जरिए उन्होंने यह ट्रांजेक्शन की है। एटीएम मशीन से कैश निकालने के लिए पिन जरूरत पड़ती है, लेकिन चोरों ने मोबाइल पर OTP लेकर एटीएम कार्ड का पिन भी बदल लिया था। चोर बड़े ही शातिर और समझदार हैं। उन्होंने पहले एटीएम कार्ड से 10 हजार फिर 20 हजार और उसके बाद फिर 10 हजार रुपए नगद निकाले। जब एटीएम कार्ड की 40 हजार की लिमिट पूरी हो गई, उसके बाद 6200 की एक दुकान पर खरीदारी की। इसके पश्चात 400 रुपए की फिर से खरीदारी की। इस तरह से चोरों ने 4600 का चूना लगा दिया।