अबोहरः पंजाब के अबोहर-फाजिल्का NH पर गांव डंगरखेड़ा पुल के निकट आज अल सुबह एक ट्राला और ट्रक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक सवार ड्राइवर कंडक्टर बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, ट्राला ड्राइवर टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार राजस्थान के बाढ़मेर निवासी ट्रक ड्राइवर मांगी लाल पुत्र ढल्ला राम व उसका साथी हरजी राम पुत्र सुरजा राम दोनों श्रीगंगानगर से ट्रक में आटा लोड करके श्रीनगर जा रहे थे।
जब वह डंगरखेड़ा पुल के निकट पहुंचे तो एक तेज गति ट्राला चालक ने सामने से ट्रक में टक्कर मार दी। जिससे ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि, ट्रक में सवार दोनों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, सूचना मिलते ही PCR कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सड़क के बीच में खड़े ट्रक को साइड में करवाकर यातायात सुचारू करवाया।