मोगाः जिले के गांव पत्तो हीरा सिंह में शनिवार को तीन जगह दीवारों पर खालिस्तान के नारे लिखे मिले। जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और नारों को मिटा दिया। शुक्रवार को भी मोगा के बस स्टैंड पर खालिस्तान के नारे लिखे मिले थे। पुलिस उस मामले में भी जांच कर रही है। बता दें कि इससे पहले बीते दिन बस स्टैंड की दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखे गए थे। खालिस्तान जिंदाबाद के ये नारे शरारती तत्वों द्वारा मोगा के बस स्टैंड के अंदर दीवार और एक काउंटर पर लिखे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए इन नारों को हटवा दिया था।
जानकारी के मुताबिक घटना बस स्टैंड के अंदर की थी। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई थी। उक्त सीसीटीवी कैमरों में 2 संदिग्ध भी कैद हुए हैं। दूसरी ओर इस मामले को लेकर पुलिस द्वारा गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ये पता लगाने में लगी है कि क्या सीसीटीवी में नजर आ रहे व्यक्तियों द्वारा अंजाम दिया गया है। पुलिस द्वारा और भी कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। लेकिन इस घटना के बाद आज 3 जगहों पर खालिस्तानी नारे लिखे हुए मिले है।