लुधियानाः लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा उम्मीदवार रवनीत बिट्टू ने गांव वासियों पर हार का ठिकरा फोड़ा। इस दौरान उन्होंने जमकर सोशल मीडिया पर भड़ास निकाली। बिट्टू ने कहाकि अगर कोई भाजपा नेता गांव में जाता था विपक्ष के नेता गांव वासियों के साथ मिलकर गुंडागर्दी कर रहे थे। रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि शहरी विधानसभा क्षेत्रों में बंपर वोटिंग हुई और शहर के मतदाताओं ने उस पर और भारतीय जनता पार्टी पर पूरा भरोसा जताया, लेकिन गांवों में उनकी हार हुई है, जहां उन्हें प्रचार के लिए घुसने तक नहीं दिया गया।
बिट्टू ने कहा कि वे पहले से ही कह रहे थे कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है, लेकिन आपने पंजाब के उम्मीदवारों को उस सरकार में नहीं आने दिया, जिससे आपको नुकसान हुआ है।उन्होंने कहा कि अब केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बन गई है और सारा पैसा उन्हीं से आना है। पंजाब के पास जहर खाने के लिए भी पैसे नहीं हैं। बिट्टू ने कहा कि अब या तो ग्रामीण मनरेगा का पैसा, कच्चे मकान का पैसा, गेहूं का पैसा, आरडीएफ का पैसा न लें, इनके बिना ही काम चला लें।
उन्होंने कहा कि आपने बच्चों वाली बात की है जिनका सामना आपको भविष्य में भुगतना पड़ेगा। अभी भी मौका है, अगर आप अपने बच्चों को विदेश जाने से रोकना चाहते हैं तो बीजेपी का हाथ थामना होगा। नहीं तो पंजाब की गली गली में नशा बिक रहा है। बिट्टू ने कहा कि कांग्रेस और आप ने पंजाब के हालात खराब कर दिए है। वहीं बिट्टू ने कहा कि अब नगर निगम के चुनाव आने वाले है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को बिट्टू ने तगड़े होकर काम करने की अपील की है। बिट्टू ने कहा कि उन्होंने जो भी वादे लोगों से किए है उसे वह पूरा करने की कोशिश करेंगे। वहीं उन्होंने मोदी के तीसरी बार शपथ ग्रहण वाले दिन घर-घर में भाजपा के झंडे लगाने की लोगों से अपील की है और कहा कि वह अपने हलकों में इस खुशी को लेकर मिठाईयां बांटे।
