पटियालाः पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान लंबी लाया गया। यहां गांव बादल में वीरवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बादल में दोपहर एक बजे होगा। गांव में अंतिम संस्कार की तैयारियां जारी हैं। दो एकड़ में किन्नू का बाग खाली कराया जा रहा है। पटियाला में प्रकाश सिंह बादल की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग जुटे। लोगों ने फूलों की वर्षा कर अंतिम श्रद्धांजलि भेंट की। इस दौरान ‘प्रकाश सिंह बादल अमर रहे’, ‘बादल तेरी सोच पर… पहरा देंगे ठोक कर’ नारों से आसमान गूंज उठा। एंबुलेंस को पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया चला रहे थे, जबकि उनके साथ सुखबीर सिंह बादल बैठे थे। सुखबीर बादल लगातार हाथ जोड़कर लोगों का धन्यवाद कर रहे थे।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को प्रकाश सिंह बादल के अंतिम दर्शन के लिए नहीं पहुंच सके। वह जम्मू-कश्मीर में शहीद पंजाब के सैनिकों के परिजनों से मिलने गए थे। राज्य सरकार की तरफ से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शिअद मुख्यालय पहुंचकर प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान अब वीरवार को प्रकाश सिंह बादल के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दो दिवसीय राष्ट्रीय और राजकीय शोक के एलान के बाद बुधवार को पंजाब सरकार ने 27 अप्रैल को सरकारी छुट्टी की घोषणा की है। इस दौरान राज्य में सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड-निगम और शैक्षिक संस्थान बंद रहेंगे। आम राज प्रबंध विभाग ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है।