अबोहरः जिले के मोहल्ला संत नगर और ईदगाह बस्ती में पुलिस ने बुधवार सुबह 6 बजे दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इन सभी लोगों के नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की आशंका है। सर्च अभियान में पुलिस ने एक मोबाइल तथा नशा तौलने वाला कंप्यूटर कंडा भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को पिछले लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि अबोहर के मोहल्ला संत नगर और ईदगाह बस्ती में नशे का अवैध कारोबार हो रहा है।
इसी को देखते हुए एसएसपी ने पूरे जिले की पुलिस को साथ में लेकर खुद सुबह 6 बजे मोहल्ला संत नगर और ईदगाह बस्ती में सर्च अभियान शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस के पास आपराधिक किस्म के लोगों की सूची पहले ही मौजूद थी। जिनके घरों पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान मोहल्ले के लोगों का भी सकारात्मक सहयोग रहा। किसी ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध नहीं किया। एसएसपी ने कहा कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।