लुधियानाः एक दर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। करीब 25-26 वर्षीय युवक ने घर में लोहे की रॉड से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला संदिग्ध है। मरने वाले की पहचान हरजिंदर पाल सिंह के नाम से हुई है।
जानकारी देते मृतक हरजिंदर पाल की मां मंजू ने बताया कि वह भट्टिया कॉलोनी की रहने वाली है। उसके 2 बेटे हैं। हरजिंदर पाल दर्जी का काम करता था। मंजू ने बताया कि उसने रोजाना की तरह सुबह अपने बेटे को चाय दी थी। शाम को जब वह काम से लौटी तो देखा कि कमरा खुला था। बेटा लोहे की रॉड से झूल रहा था। मंजू के मुताबिक उसने तुरंत शोर मचाया।
आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। मंजू ने बताया कि उसके मोबाइल पर एक विवाहित महिला के साथ उसके बेटे के फोटो भी मिले हैं। उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि जिस महिला के साथ उसके बेटे की फोटो है, वह कौन है। फिलहाल हरजिंदरपाल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। उधर, सलेम टाबरी थाने के एएसआई दविंदर सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।