अमृतसर। जिले के नारायणगढ़ इलाके में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक जसपाल सिंह गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहश्त का माहौल है। मिली जानकारी के मुताबिक, जसपाल सिंह पर उस समय हमला किया गया जब वह गली में खड़ा था। इस दौरान कार सवार दो युवकों ने उस पर फायरिंग की, जिसमें से एक उसके पैर के पास लगी। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक फायरिंग करते हुए साफ दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि करीब तीन-चार महीने पहले भी जसपाल सिंह पर बाजार में गोली चलाई गई थी, जिसमें वह बच गया था।
घायल जसपाल सिंह के पिता रंजीत सिंह ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में बाद में पता चला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है और उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि जसपाल सिंह खुद थाने पहुंचे थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत फर्स्ट एड के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित के बयान के मुताबिक, हरप्रीत उर्फ हैप्पी और उसका अनजान साथी कार में आए और वारदात अंजाम देकर मौके से फरार हो गये।
पुलिस ने बताया कि मौके से दो खोखे बरामद हुए हैं और दूसरी पार्टी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के घरों पर छापेमारी की गई है, हालांकि घरों पर ताला लगा मिला। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
