फिरोजपुरः ममदोट में बंदे खानी सड़क के नाम से जानी जाने वाली फिरोजपुर-फ़ाज़िल्का सड़क पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार ममदोट-खाई टी पॉइंट के नज़दीक देर रात को हुए सड़क हादसे में कार सवार नौजवान की मौत हो गई, जबकि हादसे में 2 नौजवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एसएसपी कार्यालय के सामने चल रहे धरने से लौटते हुए देर रात 3 नौजवान कार से अपने गांव झोक नोध सिंह जा रहे थे।
इस दौरान ममदोट-खाई टी पॉइंट के पास उनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे कार संतुलन खोकर खेतों में पलट गई। इस हादसे में 25 वर्षीय पाहुलप्रीत सिंह पुत्र भूपिंदर सिंह निवासी झोक नोध सिंह की मौत हो गई, जबकि रमनदीप सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह निवासी झोक नोध सिंह और जशन पुत्र पिंड टिब्बी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयानों पर बनती कार्रवाई की जाएगी।