लुधियाना। जिले के डाबा क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां, सरकारी फ्लैट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान काकू के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मां ने कहा, कपड़े उतारने छत पर गया था बेटा
मृतक की मां राजेश्वरी ने बताया कि शाम के समय काकू छत पर सूखे कपड़े उतारने गया था। उस समय घर के बाकी सदस्य नीचे अपने-अपने काम में लगे हुए थे। उन्होंने बताया कि अचानक तेज आवाज आई, जैसे कोई भारी चीज नीचे गिरी हो। आवाज सुनते ही सभी परिजन घबराकर बाहर की ओर दौड़े। बाहर आकर देखा तो काकू जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था।
परिजन तुरंत काकू को पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार गिरने से उसे गहरी अंदरूनी चोटें आई थीं।
पत्नी बोली: काम से लौटे थे गुस्से में
घटना के समय घर में मौजूद काकू की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने बताया कि उनकी शादी को अभी सिर्फ 8 महीने ही हुए थे। पत्नी के अनुसार, सोमवार को काकू काम से घर लौटे थे और उस समय वे काफी गुस्से में लग रहे थे। कुछ देर बाद वह चौथी मंजिल पर कपड़े उतारने चले गए। पत्नी नीचे कमरे में ही थी, तभी अचानक बाहर शोर मचा कि काकू नीचे गिर गया है।
धारा 174 के तहत मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही डाबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी देते हुए थाना डाबा के SHO ने बताया कि युवक की मौत चौथी मंजिल से गिरने के कारण हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि संभवतः काकू का पैर फिसल गया, जिस कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन फिर भी हर पहलू से जांच की जा रही है।
