आज हो सकती है बारिश
मोहालीः पंजाब में घनी धुंध की वजह से शुक्रवार और आज यानी शनिवार को भी ज्यादातर जगह विजिबिलिटी शून्य रही। मौसम विभाग ने आज के लिए पंजाब में घनी धुंध का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने शनिवार को पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की भी संभावना जताई है, जिसके बाद ठंड भी बढ़ सकती है। सबसे ज्यादा असर अमृतसर में देखा गया। यहां धुंध इतनी घनी थी कि दाेपहर तक गाड़ियां हैडलाइट जलाकर सड़क पर रेंगती नजर आईं। धुंध के कारण बीते दिन अमृतसर एयरपोर्ट पर आने वाली 3 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ी और आधा दर्ज फ्लाइट्स कई घंटे देरी से लैंड हुईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। वहीं फिरोजपुर मंडल ने धुंध की वजह से लोको पायलट को ट्रेनों को धीमी रफ्तार से चलाने की हिदायत दी है। उन्होंने बताया कि धुंध में पायलट को सिग्नल नजर नहीं आते जिससे हादसे होने का खतरा रहता है।
रेल डिवीजन फिरोजपुर के मैकेनिकल विभाग के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि धुंध का ट्रेनों पर काफी असर पड़ रहा है। धुंध और रात के अंधेरे में लोको पायलट को सिग्नल देखने में काफी दिक्कत आ रही है इसलिए लोको पायलटों को हिदायत दी है कि धुंध में पैसेंजर ट्रेनों की रफ्तार 50 किमी मीटर और मालगाड़ियों की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा रखें। रास्ते में कहीं पर थोड़ा बहुत साफ मौसम होने पर ट्रेन को 75 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ज्यादा न दौड़ाएं। धुंध में ट्रेन चलाने के लिए जीपीएस फाॅग सेफ्टी डिवाइस का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
कई बार रास्ते में घनी धुंध होने के चलते उक्त यंत्र सही से काम नहीं कर पाता। ऐसे में विद्युतीकरण ट्रैकों के पोलो पर सिग्मा चिन्ह लगा होता है, जो दूर से चमकता है, इससे लोको पायलट को आने वाले सिग्नल की दूरी का अनुमान हो जाता है। इसे देखकर लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार धीमी कर सिग्नल तक पहुंचता है और सिग्नल क्लीयर होने पर ट्रेन को आगे बढ़ाता है। रेल डिवीजन फिरोजपुर के अधिकारियों ने धुंध में फिरोजपुर-लुधियाना, जालंधर, बठिंडा, फाजिल्का रेल सेक्शन के अलावा अन्य सेक्शनों में पैसेंजर ट्रेनों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की है। अधिकारी ने बताया कि लोको पायलटों को यह भी कहा गया है कि जहां धुंध बहुत ज्यादा है वहां पर खुद ट्रेन की रफ्तार निश्चित करें।
अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए धुंध में दौड़ रही ट्रेन के लोको पायलट पर पैनी नजर रखी जा रही है। मैकेनिकल के अधिकारी क्राॅसिंग रेलवे फाटकों और अगले स्टेशन पर खड़े होकर लोको पायलटों पर नजर रख रहे हैं कि दी गई हिदायतों के मुताबिक ट्रेन दौड़ा रहे हैं या नहीं। जो लोको पायलट रेलवे के नियमों की पालना नहीं करता है, उसे विभागीय सजा दी जाती है। रात के समय स्पेशल चेकिंग की जा रही है।
