लुधियानाः खन्ना पुलिस ने महिला के कत्ल की गुत्थी को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि खन्ना सीआईए स्टाफ की इंचार्ज और थाना सिटी 2 की टीम ने महिला के कत्ल के मामले की गुत्थी को कुछ घंटों में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गहने और 4500 रुपए की नगदी बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि दिनांक 03.10.2024 को भरत कौशल पुत्र श्याम सुंदर, निवासी मकान नंबर 307, वार्ड नंबर 20, नजदीक रानी तालाब खन्ना, जिला लुधियाना ने पुलिस को एक बयान के माध्यम से बताया कि वह और उसका भाई करण कौशल रोजाना कामकाज के सिलसिल में देर रात 11 बजे के करीब घर आते हैं। इस दौरान उनके काम पर जाने के बाद उनकी मां कमलेश रानी घर पर अकेली थीं। जिसके बाद धोबीवाले मोहल्ले में रहने वाली अहमद अब्बास की पत्नी शान अब्बास, जो उनकी मां की जान पहचान में थी, वह उनके घर आती-जाती रहती थी। शिकायत में परिजनों ने बताया कि शान अब्बास के अलावा उनके घर पर कोई नहीं आता था।
उन्होंने कहा कि कल जब वह और उसका भाई करण कौशल रात करीब 11:50 बजे अपने काम से लौटे तो उनके घर का बाहरी गेट खुला था, जब वे बेडरूम के अंदर गए तो देखा कि उनकी मां खून से लथपथ पड़ी हुई थी। उन्होंने कहा कि मां की मौत हो चुकी थी और उनकी मां ने जो सोने के गहने पहने हुए थे, वे भी उनके शरीर से गायब थे। इस दौरान घर में मौजूद 35 से 40 हजार रुपये की नकदी और उनकी मां का मोबाइल फोन भी गायब था। उन्हें पता चला कि महिला शान अब्बास ने उसकी मां कमलेश रानी के साथ लूटपाट करके उनका कत्ल किया है।
पुलिस ने कहा कि उक्त सूचना प्राप्त होने पर मुकद्दमा नंबर 194 दिनांक 03.10.2024 ए/डी 103 बी.एन.एस. थाना सिटी-2, खन्ना में दर्ज करके जांच की गई। मामले की जांच के दौरान आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान शान अब्बास पत्नी अहमद अब्बास निवासी सुनयारा बाजार, मोहल्ला धोबियान वाला खन्ना, जिला लुधियाना को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से सोने के आभूषण और 4500/- रुपये की नगदी बरामद की गई।
