मालेरकोटलाः सगंरूर के मालेरकोटला में महिला सरपंच के बेटे पर हमला किया गया। मिली जानकारी के अनुसार महिला सरपंच कर्मजीत कौर कंगनवाल गांव के पेट्रोल पंप पर बैठी हुई थी और बेटे बहादुर सिंह से बात कर रही थी। इस दौरान आरोपी युवक पेट्रोल पंप में जबरन घुस गया। जहां आरोपी ने पहले महिला सरपंच के बेटे को थप्पड़ मारे और उसके बाद तलवार से हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी को काबू कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान लवप्रीत के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान लगता है। अभी तक की गई जांच में यही सामने आया है कि गांव में चुनाव के वक्त से युवक का सरपंच के बेटे के साथ कोई विवाद हो गया था, इसे लेकर वह तलवार लेकर उसे पीटने पहुंच गया।
पुलिस ने बताया कि युवक को आज एसएसपी के सामने पेश किया जाएगा। डीएसपी सुखदेव सिंह ने बताया कि युवक लवप्रीत ने पंचायती चुनाव के दौरान कोई रंजिश मन में रखी थी। इसके चलते ही वह तलवार लेकर सरपंच के बेटे के पीछे पड़ गया। युवक पहली नजर में साइको टाइप नजर आता है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।