लुधियानाः गांव जंडी में घरेलू विवाद और जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर एक सप्ताह पहले देर रात सो रहे व्यक्ति की हत्या कर दी गई। इस मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं केस में पुलिस ने ने मृतक की पत्नी और बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी बेटे ने कबूल किया कि पिता हरजिंदर सिंह को मौत के घाट उतारने की साजिश में उसकी मां भी शामिल थी। गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान तरनजीत कौर उर्फ तनी निवासी गांव जंडी, सिधवां बेट के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपी महिला को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी। दरअसल, देर रात हरजिंदर सिंह का शव कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ मिला था। थाना सिधवां बेट के प्रभारी हमराज सिंह ने बताया कि 17 मार्च की आधी रात को हरजिंदर सिंह की हत्या उसके बेटे जसकरन सिंह उर्फ जस्सू ने अपने दो दोस्तों गुरप्रीत सिंह उर्फ काका और धरमिंदर सिंह उर्फ गिआनी निवासी गांव लीला मेघ सिंह के साथ मिलकर की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश में मृतक की पत्नी तरनजीत कौर भी शामिल थी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शक से बचने के लिए बुधवार को अनजान बनकर घर में रोने-बिलखने का ड्रामा भी किया। लेकिन जब पुलिस ने जसकरन सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने पहले अपने दोनों साथियों के नाम बताए। बाद में पुलिस रिमांड के दौरान गहराई से पूछताछ और आरोपियों से अलग-अलग बयान लेने पर खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश में उसकी मां भी शामिल थी।
इसके बाद पुलिस ने तरनजीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता जगराज सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दो भाई और दो बहनें हैं। उसका भाई हरजिंदर सिंह उर्फ शक्ति अलग रहता था। उसकी पहली पत्नी सरबजीत कौर की 2003 में मौत हो गई थी, जिससे उसका एक बेटा हरकमल सिंह है, जो करीब तीन साल से कनाडा में रह रहा है।
पहली पत्नी की मौत के एक साल बाद हरजिंदर सिंह ने मोगा के कोकरी कलां की रहने वाली तरनजीत कौर से दूसरी शादी कर ली थी। इस शादी से उनका एक बेटा जसकरन सिंह हुआ। बताया गया है कि हरजिंदर सिंह और तरनजीत कौर के बीच जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था। हरजिंदर सिंह कई बार अपने भाई को बता चुका था कि उसे डर है कि जसकरन सिंह उसे किसी दिन नुकसान पहुंचा सकता है। पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी में बड़ा हिस्सा पाने की लालच में जसकरन सिंह ने अपने दोस्तों और मां के साथ मिलकर यह खौफनाक साजिश रची और अपने ही पिता की हत्या कर दी।
