फिरोजपुरः जिले से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को लेकर बड़ी खबर सामन आई है। दरअसल, तख्त श्री हजूर साहिब के लिए सप्ताह में एक बार ट्रेन चलाई जाएगी। जिसको लेकर आज भाजपा नेता राणा गुरमीत सिंह सोढी और सिख जत्थेबंदियों ने हरी झंडी देकर ट्रेन को रवाना किया। वहीं श्री हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
भाजपा नेता राणा गुरमीत सिंह सोढी ने केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। बीजेपी नेता राणा गुरमीत सिंह सोढी ने बताया कि लोगों की ओर से काफी समय से मांग की जा रहीथी कि फिरोजपुर से तख्त श्री हजूर साहिब के लिए ट्रेन चलाई जानी चाहिए, ताकि संगतें गुरुद्वारों के दर्शन कर सकें। इस मांग को लेकर उन्होंने रेल मंत्री को मांग पत्र दिया था, जो मांग आज केंद्र की ओर से पूरी हो गई।
उन्होंने कहा कि फिरोजपुर कैंट से नांदेड़ साहिब के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन दोपहर 1:25 बजे फिरोजपुर से रवाना की गई है और यह रविवार सुबह 3:00 बजे नांदेड़ साहिब पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन रविवार को नांदेड़ से सुबह 11:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन मंगलवार सुबह 4:30 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। यह ट्रेन 2020 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और बठिंडा, रोहतक, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा, आगरा, भोपाल समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी।