लुधियाना: जिले में आए दिन चोरी की वारदातें हो रही है। वहीं घुमार मंडी में आज करीब साढ़े 3 बजे दो मैडिकल शाप को बाइक सवार दो चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने राड की मदद से दुकान के ताले तोड़े। बदमाशों ने दोनों दुकानों में करीब 1 घंटे के दरमियान चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर एक दुकान से 35 हजार नकदी और दूसरी दुकान से 25 हजार नकदी और एक सोने का कड़ा चुरा कर ले गए। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में ये चोरी की घटना कैद हो गई।
जानकारी देते हुए घुमार मंडी में मैडिकल शाप मालिक तरुण ने कहा कि बीती रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए। आज सुबह जब दुकान आकर खोली तो हैरत में पड़ गए। दुकान के अंदर सामान से छेड़छाड़ नहीं थी लेकिन शटर के ताले टूटे थे। दराज में रखी नकदी करीब 35 हजार रुपए चोर चुरा कर ले गए। सीसीटीवी चैक करने में चोरों की वारदात का खुलासा हुआ। बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर नकाब डाला हुआ था और सिर पर टोपी पहनी है।
वहीं कुछ दूरी पर मैडिकल सेंटर नाम से दुकान चलाने वाले सुमेश मेहरा ने कहा कि 3.55 सुबह सीसीटीवी कैमरे में ताले तोड़ने की आवाजें आ रही है। बदमाश उनकी दुकान से करीब 25 हजार रुपए और मां का सोने का कड़ा जिसकी कीमत करीब 1 लाख है वह चुरा कर ले गए। बदमाशों ने दोनों दुकानों को टारगेट बनाया है। दोनों चोरों ने वारदात के समय नशा किया हुआ था। थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस को सीसीटीवी और शिकायत दी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द चोरों को दबोच लिया जाएगा।