फरीदकोटः जिले के जैतो शहर में फैक्टरी में चोरी की घटना सामने आई है। दरअसल, बिशनंदी फाटक के पास श्री बालाजी ट्रेड कंपनी (ऑयल मिल) से लाखों की नगदी और पिस्तौल लेकर फरार हो गए। फैक्टरी मालिक भीम सैन जिंदल ने बताया है कि आज सुबह साढ़े 4 बजे के करीब उसे चौकीदार का फोन आया कि फैक्ट्री में चोरी हो गई है। जिसके बाद वह तुरंत अपनी फैक्ट्री पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डीएसपी इकबाल सिंह और थाना जैतो के एसएचओ नवप्रीत सिंह ने फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों से पूछताछ की। फैक्ट्री के मालिक भीम सैन जिंदल ने कहा कि चोर ने फैक्ट्री के गेट का कोई भी लॉक नहीं तोड़ा और फैक्ट्री के दफ्तर के अंदर प्रवेश कर 2-3 ताले तोड़कर साढ़े 15 लाख रुपए की नगदी, 32 बोर पिस्तौल, 6 कारतूस और डीवीआर चोरी करके ले गए।
बताया जा रहा है कि चोर कार में सवार होकर आए थे, जिनके आने और जाने की तस्वीरें पड़ोसी के कैमरों में कैद हो गई। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मालिक भीम सेन जिंदल ने कहा कि चोरों ने महज कुछ मिनटों में वारदात को अंजाम दिया। मिल में सीसीटीवी भी लगे थे, लेकिन चोर सीसीटीवी की डीवीआर भी निकाल कर साथ ले गए। उन्होंने चोरी की वारदात के लिए मिल के चौकीदार पर ही शक जताया है।
