बठिंडाः जिले में चोरी और लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ज्यादातर नशा ग्रस्त व्यक्ति इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। वह लोगों द्वारा खून पसीने से कमाए गए पैसे को मिनटों में उड़ाकर फरार हो जाते हैं। ऐसा ही मामला शहर के बंगी नगर से सामने आया है जहां, चोरों ने किराना स्टोर को अपना निशाना बनाया और वहां से नकदी और राशन लेकर फरार हो गए। घटना का पता चलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, बठिंडा के बंगी नगर स्थित किराना स्टोर पर चोरों ने धावा बोल दिया। इस दौरान चोरों ने पहले आसपास के घरों पर बाहर से ताले लगाए और घरों के दरवाजे अच्छे से बंद कर दिए। फिर बाद में चोर किराना स्टोर से थैले में रखे 5000 रुपए और 5 कट्टे आटा, सरसों का तेल और अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। दुकान मालिक ने बताया कि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे की तारें भी उखाड़ दी जिससे उनकी पहचान न हो सके। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरों को तुरंत पकड़ा जाए और मेरा सामान बरामद किया जाए।