लुधियाना: चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही है और लोगों से परेशान चल रहे हैं। न्यू अमन नगर निवासी रिटायर्ड पुलिसकर्मी प्रितपाल सिंह की स्कूटी उनके सामने ही चोरी हो गई। उन्होंने चोर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह एक्टिवा स्टार्ट कर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रितपाल सिंह ने बताया कि एक अक्तूबर को उन्होंने अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब उन्होंने गेट खोला तो देखा कि एक युवक उनकी स्कूटी पर बैठा है।
उन्होंने युवक को डांटा और उतरने को कहा, लेकिन तभी युवक ने स्कूटी स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार युवक पैदल आया और इधर-उधर देखकर स्कूटी पर बैठ गया। उसने हैंडल का लॉक खोला और स्कूटी को स्टैंड से उतारा। तभी प्रितपाल सिंह बाहर आए और उसे डांटा, मगर युवक पीछे देखे बिना ही स्कूटी लेकर भाग निकला। थाना सलेम टाबरी के एएसआई प्रेम चंद ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर की पहचान की जा रही है।
