अमृतसरः खंडवाला स्थित विकास नगर में व्यक्ति ने आप नेता पर चाकू से पेट में हमला करके घायल कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए आप पार्टी के वार्ड सेक्रेटरी चरनजीत सिंह चन्नी ने बताया कि उन्होंने घन्नुपुर निवासी संतोष कुमार को किराये पर दुकान दी थी। समय पर किराया नहीं देने से कुछ समय पहले उसने दुकान खाली करवा ली थी। दुकान खाली करवाने से पहले उसने संतोष का दुकान का सारा किराया माफ करके सिर्फ बिजली का बिल भरने को कहा था।
संतोष ने कुछ दिन में बिल भरने का वादा किया था। एक महीने से संतोष बिल देने में आनाकानी कर रहा था। सोमवार रात साढ़े दस बजे संतोष दुकान बंद कर रहा था तो उसने संतोष से बिजली बिल देने को कहा। इस पर संतोष ने गाली- गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।
रोकने पर संतोष कुमार ने चाकू से उसके पेट पर दो बार वार किया, जिससे वह गंभीर जख्मी हो गया। लोगों को जमा होते देख वह मौके से भाग गया। घटना की शिकायत पुलिस को दे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विनोद शर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत मिल चुकी है। जांच की जा रही है, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।