अमृतसरः थाना रामबाग के अंतर्गत आने वाले आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। चोरों की ओर से 5 से 6 बार आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिससे पुलिस भी परेशान थी। लगातार चोर केंद्र के अंदर से सामान चुरा रहा था।
इस मामले में अब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोर को पकड़ लिया है। इस संबंध में जानकारी देते एसीपी डॉ. शीतल सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से आरोग्य केंद्र में हो रही चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसका नाम सतनाम सिंह उर्फ सत्ता है, जिसने ये सारी चोरी की वारदातें अंजाम दी थीं। पुलिस ने उसके पास से 4 पंखे और एक वॉल फैन बरामद किए हैं। चोरी किया सामान वह एक ई-रिक्शा के जरिए ले जाता था, जिसे पुलिस ने अब बरामद कर लिया है। यह सारा सामान किसी कबाड़िए को बेचा जाता था और फिलहाल उस कबाड़िए की भी जांच जारी है।
